“चाचा को ही दूल्हा बनाऊंगी, वरना कुंवारी मर जाऊंगी” इतना सुनकर लड़के को भी आया जोश, फिर आसमान में हुई अभिजीत-नेहा की शादी

गांव में 19 वर्षीय युवती शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रेमी अभिजीत गौतम भी टावर पर पहुंचा और युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। शादी के बाद दोनों नीचे उतर आए। पुलिस दोनों को बरसठी थाने ले गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 7:35 PM IST

Jaunpur News: शादी की जिद में एक युवती 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और करीब साढ़े चार घंटे तक नीचे उतरने से इनकार करती रही। मामला तब और दिलचस्प हो गया, जब उसका प्रेमी भी टावर पर चढ़ गया और पुलिस की मौजूदगी में युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। शादी के बाद दोनों खुद टावर से नीचे उतर आए। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई। युवती अपने पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के चाचा से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवारों के बीच पहले से इस रिश्ते को लेकर विवाद चल रहा था। घटना जौनपुर जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर कसेरवा गांव की है।

सुबह 6 बजे ननिहाल से निकली, बारिगांव में टावर पर चढ़ी

जानकारी के मुताबिक, 19 वर्षीय नेहा गौतम रविवार सुबह करीब 6 बजे बरसठी क्षेत्र के महुआरी गांव स्थित अपने ननिहाल से बिना किसी को बताए निकल गई। इसके बाद वह अपने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बारिगांव पहुंची और वहां लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचने के बाद नेहा ने खुद फोन करके परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बरसठी थाने की पुलिस भी वहां पहुंची और युवती को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। हालांकि, नेहा ने साफ कह दिया कि जब तक उसकी शादी प्रेमी अभिजीत से नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगी।

मां ने समझाया, प्रेमी ने भी फोन पर की अपील

ग्रामीणों ने नेहा के प्रेमी अभिजीत गौतम और उसके परिजनों को फोन करके घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर अभिजीत की मां रेखा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नेहा को फोन करके कई बार नीचे उतरने के लिए समझाया और घर-परिवार की इज्जत का हवाला भी दिया। इसके बावजूद युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। परिजनों के कहने पर अभिजीत को भी मौके पर बुलाया गया। उसने भी कई बार नेहा से नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह शादी होने तक टावर से उतरने को तैयार नहीं हुई।

मोबाइल टावर से उतरती हुई प्रेमिका नेहा (Image: X)

साढ़े चार घंटे बाद टावर पर चढ़ा प्रेमी, भरी मांग

करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद अभिजीत को भी मोबाइल टावर पर चढ़ाया गया। वहां उसने नेहा की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद दोनों साथ में टावर से नीचे उतर आए। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जुटी रही। पुलिस की मौजूदगी में टावर पर हुई इस घटना को देखने के लिए लोग जमा रहे।

एक साल से प्रेम प्रसंग, पहले भी हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि नेहा और अभिजीत के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के घर महज 100 मीटर की दूरी पर हैं और रिश्ते में चाचा-भतीजी लगते हैं। करीब छह महीने पहले भी दोनों की शादी को लेकर परिवारों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद नेहा के परिजनों ने उसे बरसठी क्षेत्र के महुआरी गांव स्थित ननिहाल भेज दिया था। वह तब से वहीं रह रही थी।

बीएड कर रहा है अभिजीत, 12वीं की छात्रा है नेहा

अभिजीत गौतम 22 साल का है और बीएड की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता स्वर्गीय हिंचलाल गौतम थे। परिवार में मां रेखा देवी, दो भाई और दो बहनें हैं। अभिजीत भाइयों में सबसे बड़ा है। उसकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। वहीं, नेहा गौतम 19 साल की है और कक्षा 12वीं की छात्रा है। उसके पिता डॉ. दिनेश गौतम निजी क्लिनिक चलाते हैं। परिवार में माता-पिता, एक भाई और दो बहनें हैं। उसकी मां का नाम सविता देवी है।

पुलिस दोनों को थाने ले गई, मामले की जांच जारी

टावर से नीचे उतरने के बाद पुलिस दोनों को बरसठी थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। गांव के कुछ लोगों के मुताबिक, शादी के लिए परिजनों और ग्रामीणों ने सहमति दे दी है और एक कागज पर हस्ताक्षर भी किए हैं। हालांकि, युवती के परिजन फिलहाल इस मामले पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Location :  Jaunpur

Published :  15 November 2026, 7:35 PM IST