Road Accident: अयोध्या से लौटते वक्त लगी झपकी और… जालौन में दर्दनाक सड़क हादसा

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अयोध्या से लौट रहे एक ही परिवार के दस लोग हादसे का शिकार हो गए, जिसमें छह की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 May 2026, 9:44 AM IST

Jalaun: उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने कई जिंदगियां छीन लीं। जोल्हुपुर मोड़ के पास अयोध्या से लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे वाहन से जा टकराई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

एक ही परिवार के थे सभी यात्री

बताया जा रहा है कि कार में कुल दस लोग सवार थे, जो ललितपुर जिले के महरौनी के रहने वाले थे और अयोध्या दर्शन करके लौट रहे थे। मृतकों में शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी और अंशुल तिवारी शामिल हैं। वहीं स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज और देशराज समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जिससे इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Muzaffarnagar Murder: ‘दृश्यम’ फिल्म देख रची चौकीदार की हत्या की साजिश, मुठभेड़ के बाद दबोचा गया सीसीटीवी एक्सपर्ट

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, लेकिन कार में फंसे लोगों को बाहर निकालना आसान नहीं था। कुछ लोग करीब एक घंटे तक गाड़ी के अंदर फंसे रहे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस के पहुंचने के बाद बचाव कार्य तेज किया गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

इलाज में भी लापरवाही के आरोप

घायलों को जब एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया, तो वहां की स्थिति ने एक और गंभीर सवाल खड़ा कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमरजेंसी के बाहर मरीजों को उतारने के लिए कोई वार्ड बॉय मौजूद नहीं था। नतीजतन, घायल करीब 10 मिनट तक एंबुलेंस में ही तड़पते रहे। बाद में वहां मौजूद लोगों ने खुद पहल करते हुए मरीजों को बाहर निकाला और इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया।

Bareilly News: बरेली में तालाब से मिले तीन शवों का क्या है कनेक्शन? पुलिस को सूचना दिए बिना क्यों शव ले गए परिजन?

इस घटना ने न केवल सड़क सुरक्षा बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन पर अब बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने का दबाव बढ़ गया है।

Location :  Jalaun

Published :  4 May 2026, 9:44 AM IST