बदायूं : शराब पार्टी के बाद बंद कमरे में क्या हुआ? सुबह सामने आई खौफनाक सच्चाई

बदायूं में एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि युवक शादी से पहले से प्रेम प्रसंग में था और पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 24 May 2026, 11:33 PM IST

Budaun : रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका के प्यार में पड़े एक युवक ने अपनी पत्नी को ही मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और फिर गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद परिवार वालों को बीमारी की झूठी सूचना दी गई, लेकिन जब मायके वाले पहुंचे तो उनकी बेटी की लाश घर में पड़ी मिली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

छह महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक संभल जिले के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव नाधौस निवासी रामवीर ने अपनी 23 साल बेटी नीलम की शादी करीब छह महीने पहले इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नौगवां निवासी दिनेश पुत्र आनंदपाल के साथ धूमधाम से की थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी की जिंदगी खुशहाल रहेगी, लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद सब कुछ खत्म हो गया।

बताया जा रहा है कि दिनेश का शादी से पहले पड़ोस के गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी होने के बाद भी वह अपनी प्रेमिका से लगातार बात करता था। हालांकि प्रेमिका शादी का हवाला देकर उससे दूरी बनाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन दिनेश उस रिश्ते को खत्म नहीं करना चाहता था।

दोस्त के साथ मिलकर रची साजिश

परिजनों के मुताबिक दिनेश एक दिन पहले ही अपनी पत्नी नीलम को मायके से विदा कराकर घर लाया था। आरोप है कि उसी रात उसने अपने दोस्त गोवर्धन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। घर में मछली बनाई गई, शराब पार्टी हुई और फिर देर रात दोनों ने मिलकर नीलम का गला दबा दिया।

बदायूं में डकैती कांड के बाद सियासत गरम, पूर्व मंत्री आबिद रजा पहुंचे पीड़ित परिवार के पास, बोली बड़ी बात

हत्या के बाद नीलम के मायके वालों को फोन कर बताया गया कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार वाले तुरंत ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां बेटी मृत अवस्था में मिली। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के दोस्त की तलाश भी की जा रही है।

Location :  Budaun

Published :  24 May 2026, 11:33 PM IST