
आग की चपेट में आकर युवक
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक बच्चे की अनजाने में हुई गलती से बड़ा हादसा हो गया। अलापुर थाना क्षेत्र के सखानू कस्बे के वार्ड नंबर तीन में जलते चूल्हे में पेट्रोल से भरी बोतल गिरने से एक युवक आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक को इलाज के लिए बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खाना खाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान अकरम (28) पुत्र आरिफ हसन के रूप में हुई है। वह सखानू कस्बे के वार्ड नंबर तीन का निवासी है। घटना के समय अकरम की पत्नी मुस्कान घर में चूल्हे पर खाना बना रही थी, जबकि अकरम पास में बैठकर खाना खा रहा था।
इसी दौरान उनका छोटा बच्चा घर में रखी पेट्रोल से भरी बोतल उठा लाया। खेलते-खेलते बच्चे ने बोतल जलते हुए चूल्हे में डाल दी। बोतल के चूल्हे में गिरते ही अचानक आग का तेज गोला उठा और पास बैठे अकरम को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया।
परिजनों ने बुझाई आग
हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और घायल अकरम को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल बदायूं पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
सुल्तानपुर : पति की हत्या के केस में जमानत पर छूटी महिला के साथ ससुराल में क्या हुआ? वीडियो वायरल
पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन ने पीआई के माध्यम से कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच-पड़ताल के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Budaun
Published : 19 October 2026, 9:25 PM IST
Topics : alapur news Budaun News Sakhanun Accident