
परिजन
Amethi: बुधवार की रात एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। एक घर का दरवाजा अंदर से बंद था, फोन लगातार बज रहा था, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं आ रहा था। जब परिजन किसी तरह अंदर पहुंचे तो कमरे का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। 46 साल के व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। इस संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
मामला अमेठी थाना क्षेत्र के रायपुर फुलवारी इलाके का है। यहां रहने वाले राम प्रकाश वर्मा, पुत्र लल्लन वर्मा का शव बुधवार की मध्य रात्रि उनके घर के कमरे में लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई सदमे में है।
राम प्रकाश मूल रूप से संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बढ़ईपुर गांव के रहने वाले थे। उन्होंने रायपुर फुलवारी में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहना शुरू किया था। उनके तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक सप्ताह से वह घर में अकेले रह रहे थे, जबकि उनका परिवार बढ़ईपुर गांव में था।
बुधवार को जब परिवार वालों ने राम प्रकाश को फोन किया तो उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। कई बार कोशिश करने के बाद भी जब संपर्क नहीं हो पाया तो परिजन घबरा गए। इसके बाद वे सीधे रायपुर फुलवारी स्थित घर पहुंचे। वहां जाकर देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया गया। अंत में पड़ोसियों की मदद से छत के रास्ते अंदर झांका गया तो शव लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही अमेठी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
Location : Amethi
Published : 19 February 2026, 7:06 PM IST
Topics : amethi Amethi Crime amethi news Amethi Police