खुलासा: अमेठी में प्रेमी ने ही की थी साथी के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या

अमेठी में युवती की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया, दो आरोपी गिरफ्तार किए गए। प्रेम-प्रसंग और शक के चलते आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। नहर किनारे बुलाकर युवती का गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू और मोबाइल बरामद किया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 16 April 2026, 8:25 PM IST
google-preferred

Amethi: अमेठी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 घंटे के भीतर युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने गुरुवार को बताया कि गौरीगंज थाना क्षेत्र के चतुरीपुर मऊ निवासी ओमप्रकाश द्विवेदी ने अपनी बहन अमिता देवी (24 वर्ष) की हत्या को लेकर थाने में लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

नामजद आरोपी समेत दो गिरफ्तार

मामले में परिजनों द्वारा नामजद आरोपी सनोज पुत्र रामकिशोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। साथ ही जांच के दौरान साक्ष्य जुटाने के बाद दुर्गेश्वरी गुप्ता पुत्र राममिलन गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी चतुरीपुर मऊ गांव के ही रहने वाले हैं।

लकड़ी और कंडों से जला चूल्हा! अमेठी में सपा नेता का प्रदर्शन, जानिये पूरा मामला

पुराने संबंध और शक बना हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी सनोज ने बताया कि वह और मृतका अमिता देवी एक ही स्कूल में पढ़ते थे और दोनों के बीच बातचीत होती थी। कुछ समय पहले वह काम के सिलसिले में फरीदाबाद चला गया था, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा। इसी दौरान उसे शक हुआ कि अमिता किसी और से भी बात कर रही है, क्योंकि उसका फोन अक्सर व्यस्त रहता था।

साजिश रचकर बुलाया और की हत्या

इसी शक और गुस्से में सनोज ने 11 अप्रैल को फरीदाबाद से लौटकर अपने मित्र दुर्गेश्वरी गुप्ता के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 14 अप्रैल की रात उसने अमिता को फोन कर गांव के बाहर नहर किनारे बांस कोठी के पास बुलाया। वहां दोनों के बीच बहस हुई, जो बढ़कर झगड़े में बदल गई।

मुंह दबाकर गला रेतकर की हत्या

घटना के दौरान जब अमिता चिल्लाने लगी तो सनोज ने उसका मुंह दबा दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने उसके पैर पकड़ लिए। इसके बाद सनोज ने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

The Candid Talk: अमेठी की गलियों से 1500 करोड़ तक का सफर! राजेश मसाले की कहानी जो आपको हैरान कर देगी

आलाकत्ल और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और नहर पटरी के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।

अग्रिम कार्रवाई जारी

फिलहाल गौरीगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अफसर ने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

Location :  Amethi

Published :  16 April 2026, 8:25 PM IST

Advertisement