Iqra Hasan के धरने का असर: सड़क जाम मामले में जेल गए SP नेता Mangeram Kashyap समेत 5 रिहा

सहारनपुर में डीआईजी कार्यालय के बाहर हुए सड़क जाम प्रकरण में गिरफ्तार किए गए समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व राज्यमंत्री Mangeram Kashyap समेत पांच लोगों को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया। सांसद Iqra Hasan के धरने और देर रात चली प्रशासनिक वार्ता के बाद सभी की रिहाई का रास्ता साफ हुआ।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 20 May 2026, 2:20 PM IST

Saharanpur: सहारनपुर में डीआईजी कार्यालय के बाहर सड़क जाम करने के मामले में जेल भेजे गए समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व राज्यमंत्री Mangeram Kashyap समेत पांच लोगों को बुधवार दोपहर रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

Iqra Hasan के पहुंचने के बाद बना था जाम

दरअसल, कैराना सांसद Iqra Hasan मंगलवार को शामली के जसाला गांव के मोनू हत्याकांड में मृतक की मां के साथ डीआईजी अभिषेक सिंह से मिलने पहुंची थीं।

डीआईजी कार्यालय के बाहर सांसद की गाड़ी रुकने के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई सपा नेताओं और कश्यप समाज के पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।

शांतिभंग में चालान कर भेजा गया था जेल

पुलिस ने सड़क जाम करने के आरोप में मांगेराम कश्यप, कश्यप एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मेहरा, प्रदेश अध्यक्ष अनुज कश्यप, शीशपाल कश्यप और सत्यपाल कश्यप को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया था।

थाने में धरने पर बैठीं MP Iqra Hasan

समर्थकों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर सांसद Iqra Hasan सदर बाजार थाने पहुंच गईं और धरने पर बैठ गईं। सांसद के समर्थन में सहारनपुर और शामली से बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक भी थाने पहुंच गए।

करीब पांच घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद देर रात सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने बातचीत कर सुबह रिहाई का आश्वासन दिया।

जेल के बाहर जुटी समर्थकों की भीड़

बुधवार सुबह से ही जेल के बाहर सपा नेताओं और कश्यप समाज के लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सभी पांचों लोगों को रिहा कर दिया गया।

रिहाई के बाद समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान सपा नेता फैसल सलमानी, फरहाद गाड़ा, अभिषेक टिंकू अरोड़ा समेत कई लोग मौजूद रहे।

Location :  Saharanpur

Published :  20 May 2026, 2:16 PM IST