
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Pinterest)
Deoria News: देवरिया जिले में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से अवैध पटाखा निर्माण के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। महुआडीह थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास एक मकान के अंदर चोरी-छिपे पटाखे बनाने का काम चल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और भारी मात्रा में पटाखे बनाने का सामान बरामद किया। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पूरा मामला कसया-गोरखपुर रोड स्थित महुआडीह थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि टोल प्लाजा के पास स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट देवरिया और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में महुआडीह पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से मकान पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से करीब दो कुंतल निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे बरामद किए गए। इसके अलावा करीब तीन किलो बारूद, पटाखों में इस्तेमाल होने वाली बत्ती, दो बोरा कागज और निर्माण में प्रयोग होने वाली अन्य सामग्री भी मिली है। पुलिस ने बरामद सभी सामान को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल बरामद सामग्री की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध निर्माण कब से चल रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हसनैन खान और अरमान खान को हिरासत में लिया है। दोनों रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा होने के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा तेज हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मामलों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस बरामद सामग्री और आरोपियों से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।
Location : Deoria
Published : 22 September 2026, 11:09 PM IST