
शनाया बिष्ट का फाइल फोटो (Image: Social Media)
Ghaziabad News: गाजियाबाद में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। विजयनगर थाना क्षेत्र की गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में 10वीं की 16 वर्षीय छात्रा ने फ्लैट की 15वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। छात्रा के पास से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है, जिसमें उसने पढ़ाई के दबाव को लेकर परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गौर सिद्धार्थम सोसाइटी निवासी शनाया बिष्ट इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ रही थी। मंगलवार शाम करीब 6:45 बजे वह फ्लैट की 15वीं मंजिल से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के गार्ड और आसपास रहने वाले लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद छात्रा के परिजन भी वहां पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी। छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद विजयनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को मौके से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्रा ने पढ़ाई के दबाव को लेकर परेशान होने की बात लिखी है। नोट में उसने अपने परिवार के सदस्यों से भावुक बातें भी कही हैं और किसी दूसरे व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस अब सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और घटना से पहले क्या हुआ था।
ACP कोतवाली उपासना पांडेय के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब सात बजे डायल-112 के जरिए विजयनगर पुलिस को गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में छात्रा के गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में छात्रा के परिजनों और सोसाइटी में रहने वाले लोगों से जानकारी ली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्रा ने इतना बड़ा कदम उठाया।
Location : Ghaziabad
Published : 15 September 2026, 10:28 PM IST