बलमा जी अपनी महबूबा को मेरठ के बाजार में करवा रहे थे करवाचौथ की शॉपिंग, बीच में टपक पड़ी बीवी, उसके बाद हुआ असली खेल

मेरठ में पारिवारिक विवाद ने सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। पति को दूसरी युवती के साथ कार में देखकर पत्नी ने उसे रोकने की कोशिश की। आरोप है कि कार की रफ्तार बढ़ने पर महिला बोनट पर चढ़ गई और करीब 5 किलोमीटर तक उसी हालत में कार दौड़ती रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 4 October 2026, 1:42 PM IST
google-preferred

Meerut: सड़क पर दौड़ती कार और उसके बोनट पर जान बचाने के लिए लटकी महिला... मेरठ में शनिवार को यह नजारा देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। आरोप है कि महिला ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ कार में देखा तो उसे रोकने की कोशिश की। पति ने कथित तौर पर कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद महिला कार के बोनट पर चढ़ गई और करीब पांच किलोमीटर तक उसी हालत में कार दौड़ती रही। राहगीरों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

15 साल पुरानी शादी, दो बच्चों के बीच बढ़ा विवाद

मामला लोहियानगर थाना क्षेत्र के काजीपुर का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले दंपति की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। महिला के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को महिला अपने 14 वर्षीय बेटे के साथ स्कूटी से हापुड़ रोड की तरफ जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर पति की कार पर पड़ी। महिला का आरोप है कि कार में उसका पति एक युवती के साथ मौजूद था। यह देखते ही उसने कार को रोकने की कोशिश की और पति का विरोध किया।

कार रोकने के बजाय बढ़ा दी रफ्तार

आरोप है कि महिला के विरोध के बावजूद पति ने कार नहीं रोकी। महिला अपनी जान बचाने के लिए कार के बोनट पर चढ़ गई। इसके बाद भी कार की रफ्तार कम नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही, जबकि सड़क पर मौजूद लोग कार को रुकवाने की कोशिश करते रहे। बताया जा रहा है कि करीब पांच किलोमीटर तक कार इसी तरह चलती रही। बाद में लोहियानगर क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी के पास आसपास के लोगों ने किसी तरह कार रुकवाई।

कार रुकने के बाद भी नहीं थमा विवाद

महिला का आरोप है कि कार रुकने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। उसके साथ मारपीट की गई और काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। घटना के बाद महिला लोहियानगर थाने पहुंची और पति के साथ कार में मौजूद युवती के खिलाफ तहरीर दी। महिला ने पुलिस को वायरल वीडियो भी सौंपा है। उसने पति और युवती पर हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी सिटी मेरठ विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो आया है, जिसमें एक महिला कार के बोनट पर दिखाई दे रही है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  4 October 2026, 1:42 PM IST

Related News

Advertisement