
गोली लगने से मौत (Img : Google)
Mathura : थाना हाईवे क्षेत्र स्थित सूर्य नगर कॉलोनी में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। एक ही घर से पति और पत्नी की गोली लगने से मौत की घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसर गया है।
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 27 वर्षीय मिथुन और उसकी 23 वर्षीय पत्नी पोखन के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से दतिया-झांसी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी पोखन पिछले 5-6 दिनों से सूर्य नगर कॉलोनी में रह रही थी, जबकि पति मिथुन घटना वाले दिन ही वहां पहुंचा था। आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच लंबे समय से चल रहा वैवाहिक विवाद इस दर्दनाक घटना की वजह बना।
मंत्री बोले सबसे ज्यादा बिजली दे रहे, मगर मथुरा में 24 घंटे से नहीं आई बिजली, भड़का लोगों का गुस्सा
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मिथुन ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और इसे अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार दोनों का विवाह करीब 4-5 साल पहले हुआ था और काफी समय से उनके बीच विवाद चल रहा था। मृतक के भाई से बातचीत में भी यह सामने आया है कि मामला पहले से कोर्ट में विचाराधीन था। जिससे पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ रहा था।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही इस्तेमाल किए गए हथियार की भी जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
Location : Mathura
Published : 5 June 2026, 6:56 AM IST