
ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास से करोड़ों रुपये की नकदी, सोना-चांदी, हीरे के गहने बरामद (फोटो: X)
Lucknow: आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा में तैनात रहे तत्कालीन सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। दो दिन तक चली इस कार्रवाई में 1.60 करोड़ की नकदी, कीमती आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
विजिलेंस विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच लंबे समय से चल रही थी। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर अदालत से सर्च वारंट प्राप्त किया गया, जिसके बाद 7 और 8 जुलाई 2026 को लखनऊ के अलीगंज स्थित उनके घर पर तलाशी अभियान चलाया गया।
Gorakhpur ATS Raid: इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट पर शिकंजा, गोरखपुर में ATS की गुप्त छापेमारी
छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम को घर के विभिन्न हिस्सों में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में नकदी मिली। अधिकारियों ने करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। टीम ने इस नकदी को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।
तलाशी के दौरान लगभग 13 किलोग्राम सोना और 9 किलोग्राम चांदी बरामद हुई। इसके अलावा हीरे और अन्य कीमती पत्थरों से बने आभूषण भी मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक बरामद सोने, चांदी और गहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच के दौरान कई गहने घर के अलग-अलग हिस्सों में पैकेटों में रखे मिले, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया है।
विजिलेंस टीम को तलाशी के दौरान कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित प्लॉट, फ्लैट और कृषि भूमि शामिल हैं।इसके अलावा दो लग्जरी वाहनों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। बैंक खातों, पोस्ट ऑफिस निवेश, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच एजेंसी के हाथ लगे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इन निवेशों की कुल राशि एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। विजिलेंस विभाग ने बरामद सभी नकदी, आभूषण और दस्तावेजों को जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि ये संपत्तियां किस प्रकार अर्जित की गईं और क्या इनमें किसी अन्य व्यक्ति या संस्था की भूमिका भी रही है।
सफल कार्रवाई के बाद पुलिस महानिदेशक और विजिलेंस विभाग के निदेशक ने लखनऊ सेक्टर की टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। विभाग का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 8 July 2026, 4:45 PM IST
Topics : Corruption Case Uttar Pradesh disproportionate assets case Former ARTO Lalit Kumar Lucknow Raid Lucknow Vigilance