1 माह की मासूम को मुंह मे दबोचकर भागा आवारा कुत्ता, फिर जो हुआ… उससे दहला गांव

मिर्जापुर में एक माह की मासूम के साथ हुआ हादसा पूरे इलाके को झकझोर गया। घर के बरामदे में सो रही बच्ची पर आवारा कुत्ते ने ऐसा हमला किया कि परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। अस्पताल तक पहुंचने की कोशिश भी उसकी जान नहीं बचा सकी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 August 2026, 4:11 PM IST

Mirzapur: मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। घर के बरामदे में सो रही महज एक माह की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, विंध्याचल थाना क्षेत्र के कोलना गहरवार गांव निवासी चंद्रमा प्रसाद बिंद की पत्नी कविता देवी अपनी एक माह की दूसरी पुत्री को घर के बाहर बरामदे में बने पत्थर के चबूतरे पर सुलाकर घरेलू कामकाज में लगी थीं। इसी बीच एक आवारा कुत्ता घर में घुस आया और सो रही मासूम को मुंह में दबोचकर चबूतरे से नीचे खींच ले गया।

मासूम की चीख सुन दौड़े परिजन

बताया जा रहा है कि कुत्ते ने बच्ची को नीचे ले जाकर बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनते ही परिजन घबराकर मौके पर पहुंचे। डंडों की मदद से किसी तरह कुत्ते को भगाया गया और बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ाया गया। तब तक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।

ये भी पढ़ें- कोडीन सिरप का काला बाजार! अवैध कारोबार से खड़ी हुई लाखों की संपत्ति, पिता-पुत्र पर शिकंजा

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांस

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉ. पुनीत अग्रवाल ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन बच्ची को लेकर मंडलीय अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

एक माह की मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां कविता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर आवारा कुत्तों का आतंक कब थमेगा।

ये भी पढ़ें- प्रेम प्रसंग बना खून-खराबे की वजह, सीतापुर में भाई पर बहन की हत्या का आरोप

ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई बार हमले की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

Location :  Mirzapur

Published :  1 August 2026, 4:11 PM IST