हिंदी
गोरखपुर में चार हत्यारोपी गिरफ्तार (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: खजनी थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक डंडा और एक चाकू भी बरामद किया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना खजनी पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 161/26 में कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभय उर्फ गोलू साहनी, आयुष साहनी, अंशु साहनी और गामा साहनी के रूप में हुई है। सभी आरोपी खजनी थाना क्षेत्र के रूद्रपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा और चाकू बरामद किया, जिसे पुलिस ने अहम साक्ष्य माना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं और मामले की गहराई से जांच जारी है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कई का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मुख्य आरोपी अभय उर्फ गोलू साहनी के खिलाफ पहले से मारपीट और धमकी देने के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आयुष साहनी और अंशु साहनी पर भी पूर्व में गंभीर धाराओं में केस दर्ज हो चुके हैं। इससे साफ है कि आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।
बहन की शादी तय होने से नाराज युवक ने उठाया खौफनाक कदम… गोरखपुर में घर में लगाई आग
खजनी पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामदयाल यादव, हेड कांस्टेबल अनिल चौधरी, कांस्टेबल जितेंद्र यादव, कांस्टेबल अरविंद यादव और महिला आरक्षी लवकुश वर्मा शामिल रहे।
गोरखपुर पुलिस ने परखी ताकत, मॉक दंगा अभ्यास में दिखा पूरा एक्शन मोड
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 28 May 2026, 12:22 AM IST