गाजियाबाद में तेज रफ्तार का कहर: चारपाई पर सो रहा था 13 साल का अकरम, ट्रक की टक्कर से मौत

गाजियाबाद के डासना देहात में चारपाई पर सो रहे 13 वर्षीय अकरम को ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 September 2026, 4:57 PM IST

Ghaziabad News: सुबह का वक्त था और टायर पंचर की दुकान के पास एक चारपाई पर 13 साल का अकरम सो रहा था। उसे क्या पता था कि कुछ ही पल बाद गुजरता हुआ एक ट्रक उसकी जिंदगी छीन लेगा। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में कल्लूगढ़ी रेलवे फाटक के पास हुए दर्दनाक हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। ट्रक की टक्कर से अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पिता की दुकान पर आया था अकरम

बताया जा रहा है कि अकरम अपने पिता के पास टायर पंचर की दुकान पर आया था। सुबह के समय वह दुकान के पास रखी चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे ट्रक ने चारपाई को टक्कर मार दी। हादसे में अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की आवाज और चीख-पुकार के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल अकरम को संभाला और उसे इलाज के लिए गाजियाबाद के MMG अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने अकरम को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्चे के लिए परिवार सुबह की शुरुआत कर रहा था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। मसूरी थाना प्रभारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे ट्रक की टक्कर से 13 वर्षीय अकरम घायल हुआ था। परिजन और स्थानीय लोग उसे MMG अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ट्रक और चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ट्रक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर हादसे की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  13 September 2026, 4:57 PM IST