दाऊ बाबा के जयकारों से गूंजा हाथरस, 115वें लक्खी मेले का भव्य शुभारंभ; दिखी ब्रज संस्कृति की झलक

हाथरस में 115वें एवं तृतीय प्रांतीय श्री दाऊजी महाराज लक्खी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने दाऊ बाबा और रेवती मैया के दर्शन कर मेले का उद्घाटन किया। समारोह में ब्रज गीत, लोकनृत्य, कुश्ती दंगल और सेवा संकल्प अभियान के तहत महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण हुआ।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 September 2026, 7:51 PM IST

Hathras: ब्रज क्षेत्र की आस्था, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक परंपरा के प्रतीक 115वें एवं तृतीय प्रांतीय लक्खी मेले श्री दाऊजी महाराज-2026 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मेले की शुरुआत श्री दाऊजी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुई। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने मंदिर पहुंचकर दाऊ बाबा और रेवती मैया के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

ब्रज गीत और लोकनृत्य ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बीएलएस इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ब्रज गीत और लोकनृत्य के जरिए ब्रज की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक पेश की। कार्यक्रम के दौरान छात्र चिराग वर्मा, शिवांश वर्मा और पवन वर्मा ने अतिथियों को झूला और नाव के मॉडल भी भेंट किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और पूरा माहौल ब्रज की संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

1912 से चली आ रही है मेले की परंपरा

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मेले के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला केवल हाथरस का वार्षिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह ब्रज क्षेत्र की आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि मेले की परंपरा वर्ष 1912 से चली आ रही है। समय के साथ मेले का स्वरूप और विस्तार बढ़ता गया। इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश शासन ने इसे राजकीय मेला घोषित किया था।

“अब हमें कौन संभालेगा?” हाथरस में ट्रेन से गिरे जगदीश की मौत, मासूम बच्चों के सिर से छिन गया पिता साया! मातम में डूबा घर

कवि सम्मेलन से लेकर पंजाबी दरबार तक होंगे कार्यक्रम

प्रशासन के मुताबिक इस बार मेले में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कवि सम्मेलन, किसान एवं कृषि सम्मेलन, महिला एवं बाल कार्यक्रम, साहित्य सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंजाबी दरबार, भजन और संगीत सम्मेलन समेत कई आयोजन शामिल हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। प्रशासन की ओर से मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

प्रांतीय मेला होना गर्व की बात

प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज की पावन धरती पर आकर दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह मेला सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि हाथरस की सांस्कृतिक विरासत और जनआस्था का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि मेले को प्रांतीय स्वरूप मिलना पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से आगामी पर्वों और मेले को आपसी भाईचारे, सौहार्द और प्रेम के साथ मनाने की अपील की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर का दिन कई मायनों में विशेष है।

10 महिलाओं को बांटी गईं सिलाई मशीनें

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रभारी मंत्री ने 10 महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने भी मेले के शुभारंभ पर जनपदवासियों को बधाई दी। उन्होंने मेले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए आयोजन की तैयारियों में जुटे अधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

मस्जिद ढहाए जाने पर भड़की सियासत! हाथरस में CPI कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

जनप्रतिनिधियों ने भी दीं शुभकामनाएं

विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह और निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मेले के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रांतीय मेला घोषित होने के बाद इसके स्वरूप और व्यवस्थाओं में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मेले को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन की ओर से भी व्यापक तैयारियां की गई हैं।

प्रभारी मंत्री ने देखा कुश्ती दंगल

उद्घाटन कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने मेला पंडाल स्थित अखाड़े में आयोजित कुश्ती दंगल का आनंद लिया। उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। दंगल के दौरान अखाड़े में मौजूद लोगों ने भी पहलवानों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सदर, सीओ सिटी समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  17 September 2026, 7:50 PM IST