
बिसाना हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा
Hathras: चन्दपा कोतवाली क्षेत्र के गांव बिसाना में 11 नवंबर 2026 को मानवेन्द्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। गुरुवार को एसओजी और चन्दपा पुलिस की संयुक्त टीम की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी गोपाल के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग के दौरान एक अन्य आरोपी उदयवीर को भी गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सादाबाद योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि 11 नवंबर की शाम गांव बिसाना में गोपाल अपने कुछ साथियों के साथ वादिया के घर पहुंचा था। वहां गाली-गलौज करने के बाद आरोपियों ने वादिया के बेटे मानवेन्द्र को गोली मार दी थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना की सूचना पर चन्दपा पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी के निर्देशन और सीओ सादाबाद के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था।
एसओजी टीम ने बिसाना हत्याकांड के आरोपियों पर कसा शिकंजा
गुरुवार को ग्राउंड और तकनीकी इंटेलिजेंस के साथ अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस को आरोपियों के चन्दपा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसओजी और चन्दपा पुलिस ने चन्दपा से महमूदपुर ब्राह्मणान जाने वाले पगडंडी मार्ग पर बंबे के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोपाल के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने कांबिंग कर दूसरे आरोपी उदयवीर को भी पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल पुत्र खगेन्द्र सिंह निवासी मांगरौल बड़ी पार्टी, थाना सिकंदरा, जनपद आगरा और उदयवीर पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव हीरागढ़ी, थाना चन्दपा, जनपद हाथरस शामिल हैं। पुलिस के अनुसार उदयवीर का नाम विवेचना के दौरान प्रकाश में आया था।
इस मामले में थाना चन्दपा पर बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई में जुट गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धीरज गौतम और चन्दपा थाना प्रभारी योगेश सिंह पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।
Location : Hathras
Published : 19 November 2026, 9:02 PM IST
Topics : hathras murder news hathras police encounter hathras news manvendra murder case UP Crime News