विधान परिषद चुनाव: हाथरस में तैयारियाँ पूरी, निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन सख्त

हाथरस में 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।

Updated : 22 October 2026, 10:48 AM IST
google-preferred

Hathras: हाथरस में आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद निर्वाचन को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था और मतदान केंद्रों का निरीक्षण

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल बनाकर अपने-अपने मतदान केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण करें। केंद्रों पर सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था जैसी सभी बुनियादी जरूरतों को समय रहते पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स और विशेष बैंगनी स्केच पेन की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति मतदान कक्ष में मोबाइल फोन या अन्य रिकॉर्डिंग उपकरण लेकर प्रवेश न कर सके।

रामपुर में आज अखिलेश यादव की आजम खां से मुलाकात, 2027 के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज!

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम की मामूली वर्तनी (स्पेलिंग) की त्रुटि होने मात्र से किसी भी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित न किया जाए। इसके अलावा, मतदान अभिकर्ताओं की पात्रता और कतारों के सुचारू प्रबंधन के साथ मतदाताओं के प्रति शालीन व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

मतदान का समय और पोलिंग पार्टियों की रवानगी

पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश दिए कि मतदान कक्ष के भीतर किसी भी स्थिति में शस्त्र ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को हिदायत दी कि वे किसी भी प्रत्याशी या राजनीतिक दल से किसी प्रकार की खाद्य सामग्री स्वीकार न करें।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, पोलिंग पार्टियों की रवानगी विकास भवन के पास स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम से की जाएगी। सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचकर रवानगी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे से शुरू होकर शाम 4:00 बजे तक चलेगा।

बदायूं में दिनदहाड़े गुंडागर्दी, बाइक सवार 3 युवकों ने फल विक्रेता को बेरहमी से पीटा

मतदान समाप्ति के बाद सीलिंग और सामग्री सुरक्षा

मतदान संपन्न होने के बाद निर्वाचन सामग्री की उचित सीलिंग, उसके सुरक्षित परिवहन और निर्धारित स्थल पर सही सलामत सुपुर्दगी को लेकर भी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। पोलिंग पार्टियों को रास्ते में अनावश्यक रूप से न रुकने और सामग्री को पूरी सुरक्षा के साथ गंतव्य तक पहुँचाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, मीडिया कवरेज के दौरान भी मतदान की गोपनीयता पूरी तरह बरकरार रखने पर बल दिया गया।

Location :  Hathras

Published :  22 October 2026, 10:48 AM IST

Advertisement