Hathras Road Accident: हाथरस में बोलेरो की टक्कर से मजदूर की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हाथरस के जलालपुर चौराहे पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार मजदूर सुनील की मौत हो गई। हादसे में उनके चचेरे भाई को चोटें आईं। ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 12:02 PM IST

Hathras: हाथरस जिले के हाथरस जंक्शन क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। जलेसर रोड स्थित जलालपुर चौराहे के पास एक बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक पर पीछे बैठे उनके चचेरे भाई को भी चोटें आईं, हालांकि उनकी हालत गंभीर नहीं बताई गई है। मृतक की पहचान गांव जलालपुर निवासी सुनील पुत्र सूरजपाल (48) के रूप में हुई है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

आलू की कटाई के लिए कोल्ड स्टोर जा रहे थे सुनील

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे सुनील अपने चचेरे भाई बालवीर के साथ बाइक से काम पर जा रहे थे। दोनों कोल्ड स्टोर में आलू की कटाई का काम करने निकले थे।

हाथरस में त्योहारों पर पुलिस का सख्त पहरा, अवैध पटाखों और मिलावटखोरी पर होगी कार्रवाई; अफवाह फैलाने वालों की भी खैर नहीं

वे जलेसर रोड पर जलालपुर चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि इसी दौरान एक बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालवीर को मामूली चोटें आईं।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सुनील के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनकी मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

 

मृतक सुनील (Img- Dynamite News)

सुनील परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे और मजदूरी करके घर का खर्च चलाते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे तीन बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सड़क हादसे की सूचना मिलने पर हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बोलेरो और बाइक की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

जलालपुर चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने जलालपुर चौराहे पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

हाथरस में रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यहां स्पीड ब्रेकर बनवाने या गति नियंत्रित करने के लिए अन्य उचित यातायात सुरक्षा उपाय लागू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Location :  Hathras

Published :  1 November 2026, 12:02 PM IST