Hathras: शहीद स्मारक पर शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजा माहौल

हाथरस में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शहीद स्मारक का नजारा देशभक्ति से भर गया। राज्यमंत्री सुरेन्द्र दिलेर ने तिरंगा फहराकर अमर शहीदों को नमन किया, वहीं शहीद परिवारों के सम्मान का पल लोगों को भावुक कर गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 August 2026, 3:28 PM IST

Hathras: देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को हाथरस में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगा शान से लहराया। चारों ओर हाथों में तिरंगा लिए लोगों का उत्साह और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी उद्घोष ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश सुरेन्दर दिलेर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। तिरंगा फहराते ही उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान दिया। राज्यमंत्री ने इस अवसर पर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर अर्पित किए पुष्प

ध्वजारोहण के बाद राज्यमंत्री सुरेन्दर दिलेर ने शहीद स्मारक स्थल पर स्थापित चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

राज्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, गौरव और खुशी का दिन है। 15 अगस्त 1947 को देश ने अंग्रेजी हुकूमत की गुलामी से आजादी हासिल की। इस आजादी के पीछे मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत असंख्य वीरों का त्याग और बलिदान है। उनके बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि यह उन वीरों को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को दोहराने का अवसर है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और सम्मान को मजबूत करने में अपना योगदान दे।

ये भी पढ़ें- लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बैरिकेडिंग पर पलटा ट्रैक्टर; चार मजदूरों की मौत से परिवारों में कोहराम

शहीद परिवारों को सम्मान, त्याग को किया नमन

समारोह में शहीद परिवारों के सम्मान का दृश्य भावुक कर देने वाला रहा। राज्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ शहीद श्याम सिंह की पत्नी सुशीला देवी, शहीद धर्मेन्द्र सिंह की पत्नी राजेश देवी और शहीद उमेश कुमार की पत्नी अनीता देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान शहीद परिवारों के त्याग, साहस और योगदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। 

नई पीढ़ी में जगाया राष्ट्रप्रेम

राज्यमंत्री ने सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्य और राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझते हुए देश के विकास में भागीदार बनना चाहिए।

राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की भूमिका

राज्यमंत्री सुरेन्द्र दिलेर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि भारत शांति, भाईचारे और सद्भाव में विश्वास रखता है, लेकिन देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा करना भी जानता है। उन्होंने जनपदवासियों से मजबूत, सुरक्षित, खुशहाल और विकसित भारत एवं उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

तिरंगा रैली में दिखा राष्ट्रप्रेम का जोश

समारोह के बाद शहीद स्मारक स्थल से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। राज्यमंत्री सुरेन्द्र दिलेर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।तिरंगे से सजे हाथों और देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के बीच निकली रैली के दौरान पूरा वातावरण ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजता रहा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की भागीदारी ने रैली को भव्य बना दिया।

ये भी पढ़ें- 4 साल के मासूमों का 5-5 लाख में सौदा! दिल्ली की नर्स निकली बच्चों की तस्करी गैंग की कड़ी, खरीदारों का भी खुलासा 

तिरंगा रैली ने स्वतंत्रता दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत किया।

प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जिला प्रशासन की ओर से राज्यमंत्री सुरेन्द्र दिलेर, विधायक एवं जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में जनपदवासी मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  15 August 2026, 3:27 PM IST