Hathras News: दो-ढाई हजार रुपये कोई करप्शन नहीं, भ्रष्टाचार के सवाल पर मंत्री का बड़ा बयान

हाथरस की मलिन बस्ती में आवास की मांग लेकर पहुंचीं महिलाओं ने प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य के सामने अपनी समस्याएं रखीं। कुछ लोगों ने आवास योजना के नाम पर पैसे मांगे जाने की शिकायत भी की। इस मामले में मीडिया के सवाल पर मंत्री ने दो-ढाई हजार रुपये लेने को लेकर बयान दिया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 27 November 2026, 6:23 PM IST

Hathras: किसी को अपने घर का इंतजार है तो किसी का आवेदन करने के बावजूद लाभार्थियों की सूची में नाम नहीं आया। हाथरस के रमनपुर स्थित मलिन बस्ती में शुक्रवार को प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य के सामने महिलाओं ने आवास से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। कुछ लोगों ने आवास योजना में नाम शामिल कराने और कागजी कार्रवाई के नाम पर पैसे मांगे जाने की शिकायत भी की। जब मीडिया ने इस संबंध में मंत्री से सवाल किया तो उन्होंने कहा, "दो-ढाई हजार रुपये कोई करप्शन नहीं होता है।"

उत्तर प्रदेश सरकार में बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री और हाथरस की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर हाथरस पहुंचीं। भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद उन्होंने रमनपुर की मलिन बस्ती में महिलाओं के साथ चौपाल लगाई।

अपने घर की आस में महिलाओं ने सौंपे प्रार्थना पत्र

चौपाल के दौरान कई महिलाओं ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन करने के बावजूद उनका नाम लाभार्थियों की सूची में शामिल नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने आवास, सड़क समेत अन्य समस्याओं को लेकर मंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपे।

8th Pay Commission: PM मोदी को भेजी गईं पेंशनर्स की 11 मांगें, क्या 20% बढ़ जाएगी पेंशन?

बेबी रानी मौर्य ने कहा कि उनका उद्देश्य मलिन बस्ती का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि उन गरीब महिलाओं की समस्याएं सुनना था, जो अपनी बात किसी कार्यालय या अधिकारी तक नहीं पहुंचा पाती हैं।

उन्होंने प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी को सौंपकर जांच कराने और पात्र महिलाओं को आवास दिलाने का प्रयास करने की बात कही। मंत्री ने बताया कि आवास योजना के दो लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये के चेक भी वितरित किए गए हैं।

दो लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये का चेक वितरिण (Image Source: Dynamite News)

दो-ढाई हजार रुपये लेने की शिकायत पर क्या बोलीं मंत्री

आवास योजना के नाम पर पैसे मांगे जाने की शिकायतों को लेकर मंत्री ने कहा कि यदि किसी ने कागजात बनवाने के लिए पैसे लिए हैं तो वह अलग बात है, लेकिन भ्रष्टाचार के

मामले में जांच और कार्रवाई होनी चाहिए।

 

उन्होंने एक लाभार्थी से हुई बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि कागज बनवाने के नाम पर दो-ढाई हजार रुपये लेने की बात सामने आई थी। मंत्री के मुताबिक, विधायक ने इस मामले में एफआईआर दर्ज होने और जांच किए जाने की जानकारी दी है।

बेबी रानी मौर्य ने कहा कि कई बार लोगों के कागजात पूरे नहीं होते हैं, जिन्हें बनवाने में खर्च आता है। हालांकि, यदि किसी ने भ्रष्टाचार के तहत रकम ली है तो उसकी जांच होनी चाहिए।

महिलाओं ने लगाई आवास की गुहार (Image Source: Dynamite News)

देवरिया में शराब तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने 4 लग्जरी गाड़ियों से बरामद की 37 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब

महिलाओं को बताईं सरकारी योजनाएं

चौपाल में मंत्री ने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, कांशीराम आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, निशुल्क राशन और सामूहिक विवाह योजना समेत कई सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने निराश्रित महिलाओं की पेंशन 300 रुपये से बढ़ाकर पहले 500 और अब एक हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने का जिक्र किया। कोविड के दौरान माता-पिता को खोने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 2500 और 4000 रुपये की आर्थिक सहायता की जानकारी भी दी।

इसके अलावा कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों की शिक्षा के लिए 25 हजार रुपये तक की सहायता का उल्लेख करते हुए महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

भाजपा जिला कार्यालय पर हुई बैठक को लेकर मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के जायज काम नहीं होने के पीछे आगर कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

Location :  Hathras

Published :  27 November 2026, 6:23 PM IST