15 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, हाथरस में रैली, महोत्सव और तिरंगा लाइटिंग के होंगे भव्य आयोजन

हाथरस में 6 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के तहत तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा महोत्सव, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और तिरंगा लाइटिंग जैसे आयोजन होंगे। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी विभागों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन और ध्वज संहिता के पालन के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 4:31 PM IST

Hathras: आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिए हाथरस में इस बार 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में 6 अगस्त से 15 अगस्त तक तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा महोत्सव, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा लाइटिंग और जनजागरूकता अभियानों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। अभियान को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन हो और हर गतिविधि की फोटो एवं वीडियो 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर अपलोड की जाए।

अभियान को लेकर अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक

गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य हर नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।

ध्वज संहिता के पालन पर रहेगा विशेष जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, सार्वजनिक संस्थानों और निजी प्रतिष्ठानों पर भारतीय ध्वज संहिता का पूरी तरह पालन करते हुए सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जाए। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ी सभी निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें।

सुरक्षा, स्वच्छता और नो-ट्रैफिक जाम, हाथरस दाऊजी मेले को लेकर एक्शन मोड में दिखा प्रशासन

नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को मिले विशेष निर्देश

डीएम ने नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को अभियान के दौरान व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, तिरंगा लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट, प्रभात फेरी, रैलियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए कहा।

तीन चरणों में चलेगा अभियान

मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' का आयोजन 6 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों में निबंध, चित्रकला और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शहीद स्मारकों और स्मृति स्थलों की साफ-सफाई भी कराई जाएगी ताकि स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि दी जा सके।

10 अगस्त को निकलेगी तिरंगा बाइक रैली

अभियान के तहत 10 अगस्त को बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल से शहीद स्थल तक भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी। इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और विभिन्न संगठनों की भागीदारी रहने की उम्मीद है। इसके अलावा 12 अगस्त को सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में 'तिरंगा महोत्सव' का आयोजन होगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

‘सर, स्कूल जाने में होती है दिक्कत’… हाथरस के बच्चों ने डीएम से मांगी पक्की सड़क

13 से 15 अगस्त तक होंगे विशेष कार्यक्रम

13 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के सरकारी भवनों, बाजारों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा लाइटिंग की जाएगी। इसके साथ ही ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, जागरूकता अभियान और अन्य कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

2022 में हुई थी अभियान की शुरुआत

'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत वर्ष 2022 में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत की गई थी। तब से यह अभियान पूरे देश में व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य हर नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से जोड़ना, राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करना है।

Location :  Hathras

Published :  6 August 2026, 3:59 PM IST