
हापुड़ में भीषण हादसा (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धौलाना-गुलावटी मार्ग पर एक बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ जब एक बस बारात से लौटकर वापस आ रही थी। बस में करीब 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई लोग उसमें फंस गए।
इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 7 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Hapur Viral Video: इलाके में दबंगों की दबंगई का कहर, महिला से की गई बेरहमी से मारपीट
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि यह सभी लोग गुलावटी से एक बारात से लौट रहे थे और डासना के रहने वाले थे। उन्होंने पुष्टि की कि बस और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की जान गई है।
पुलिस के अनुसार, घायलों को रमा मेडिकल कॉलेज और जीएस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ लोगों का इलाज धौलाना में ही चल रहा है। डॉक्टरों की टीम घायलों की हालत पर नजर बनाए हुए है और उन्हें बेहतर उपचार देने की कोशिश की जा रही है।
हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने ट्रक को हटवाकर जल्द ही सामान्य कर दिया। फिलहाल मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Location : Hapur
Published : 13 April 2026, 8:48 AM IST