
पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से लोग परेशान (Img: Dynamite News)
Hamirpur: पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बढ़ती कीमतों का असर अब सिर्फ वाहनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा के सामान तक पर पड़ने लगा है। लोग बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता में हैं और घरेलू बजट बिगड़ने लगा है।
ईंधन महंगा होने के बाद सबसे ज्यादा असर परिवहन व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से सब्जियों, दूध, फल और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि अगर डीजल-पेट्रोल के दाम इसी तरह बढ़ते रहे तो बाजार में महंगाई और तेज हो सकती है।
Hamirpur Protest: गैस-पेट्रोल की आग ने सड़क से कलेक्ट्रेट तक मचाया हंगामा, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों और वाहन चालकों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। कई लोगों ने अनावश्यक यात्रा कम करना शुरू कर दिया है। वहीं छोटे व्यापारियों और डिलीवरी से जुड़े लोगों का कहना है कि बढ़ते ईंधन खर्च से उनकी कमाई पर असर पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैक्स के कारण पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि आम जनता अब सरकार से राहत की उम्मीद लगाए बैठी है। कई लोगों ने मांग की है कि ईंधन पर टैक्स कम किया जाए ताकि महंगाई पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सके।
महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए अब रोजमर्रा का जीवन चलाना मुश्किल होता जा रहा है। पेट्रोल महंगा होने से आने-जाने, बच्चों की पढ़ाई, राशन और घरेलू जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द राहत नहीं मिली तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
Location : Hamirpur
Published : 18 May 2026, 4:19 PM IST