
हमीरपुर में हाई टेंशन लाइन बनी काल
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक डंपर हाई टेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे के वक्त डंपर के ऊपर मौजूद खलासी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही पूरा डंपर धूं-धूं कर जलने लगा। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इस खौफनाक मंजर का लाइव वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डंपर से उठती आग की गगनचुंबी लपटें और धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है।
यह दर्दनाक घटना जिले के चिकासी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इच्छौरा बेंदा मार्ग की है। जानकारी के अनुसार, जालौन जिले के कालपी का रहने वाला डंपर चालक जितेंद्र अपना वाहन लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में डंपर खराब हो गया। जितेंद्र सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करके एक मिस्त्री को बुलाकर उसकी मरम्मत करवा रहा था।
हमीरपुर के विशाल पैदल मार्च ने खींचा लोगों का ध्यान; जानिये अचानक क्यों पनपा जनाक्रोश?
इसी बीच, डंपर का 20 वर्षीय खलासी आशीष (निवासी कदौरा) डंपर के ऊपर चढ़ गया और वहां खड़े होकर मोबाइल फोन पर किसी से बात करने लगा। बात करने में वह इतना मशगूल था कि उसका ध्यान ऊपर से गुजर रही मौत की हाई टेंशन लाइन पर नहीं गया। अचानक उसका शरीर या मोबाइल बिजली के तारों के संपर्क में आ गया, जिससे जोरदार धमाके के साथ पूरे डंपर में करंट और आग फैल गई।
हमीरपुर में हाई टेंशन लाइन से टकराकर डंपर आग का गोला बन गया। मोबाइल पर बात कर रहा 20 वर्षीय खलासी जिंदा जल गया। रूह कंपाने वाला LIVE वीडियो वायरल#HamirpurAccident #UPNews #DumperFire #TragicIncident pic.twitter.com/Lfzudg6m6y
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 2, 2026
तारों से निकले जबरदस्त स्पार्क के कारण डंपर ने तुरंत ही एक आग के गोले का रूप धारण कर लिया। डंपर को इस तरह जलता देख और भीतर से आ रही चीख-पुकार सुनकर पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही चिकासी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़े मशक्कत के बाद डंपर में लगी भीषण आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि डंपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था और खलासी आशीष का शरीर भी पूरी तरह झुलस चुका था।
हमीरपुर जिला अस्पताल के महिला शौचालय में ऐसा क्या मिला जिससे मचा हड़कंप
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को संभाला और डंपर के भीतर से खलासी आशीष के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
डंपर चालक और मिस्त्री से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला लापरवाही और अचानक दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक खलासी के परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
Location : Hamirpur
Published : 2 July 2026, 10:56 AM IST