Hamirpur News: महिला को बातों में उलझाकर ठगी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात; पढ़ें पूरी खबर

हमीरपुर शहर में दिनदहाड़े टप्पेबाजी की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। सदर कोतवाली से कुछ दूरी पर एक महिला को लक्ष्मी प्राप्ति का लालच देकर शातिर बदमाशों ने उसके कान के झुमके और नकदी ठग ली। घटना के बाद पीड़िता रोते-बिलखते कोतवाली पहुंची। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 April 2026, 1:46 PM IST

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के इस्लामिया इंटर कॉलेज के पास दिनदहाड़े हुई टप्पेबाजी की घटना ने शहरवासियों को चौंका दिया। घटना उस समय हुई जब एक महिला को शातिर टप्पेबाजों ने अपनी बातों में फंसाकर उसके साथ ठगी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि वारदात कोतवाली से बेहद कम दूरी पर अंजाम दी गई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि महिला किसी काम से जिला अस्पताल क्षेत्र में थी। इसी दौरान एक टप्पेबाज महिला के संपर्क में आया और उसे विश्वास में लेने लगा। उसने महिला को लक्ष्मी प्राप्ति और शुभ लाभ जैसी बातें बताकर अपने झांसे में लिया। धीरे-धीरे उसने महिला का भरोसा जीत लिया और फिर उसे अपने साथी के पास ले गया।

लक्ष्मी मिलने का झांसा देकर ठगे झुमके और नकदी

टप्पेबाजों ने महिला को धार्मिक और आस्था से जुड़ी बातों में उलझाकर उसे भरोसा दिलाया कि कुछ विशेष प्रक्रिया करने से उसे लाभ होगा। महिला को यह कहकर बहलाया गया कि उसके पास मौजूद आभूषण और पैसे कुछ देर के लिए निकालने होंगे। महिला उनके झांसे में आ गई और उसने अपने कान के झुमके तथा करीब एक हजार रुपए निकाल दिए।

Gorakhpur: मिट्टी में दफन मिली महिला और नवजात की लाश, ऑनर किलिंग की आशंका से सनसनी

मौका मिलते ही दोनों टप्पेबाज महिला का सामान लेकर मौके से फरार हो गए। जब महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो चुकी है तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। महिला घबराकर रोते और चिल्लाते हुए सदर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

घटना के बाद इलाके में मौजूद लोगों ने भी महिला को संभालने की कोशिश की। महिला काफी परेशान और डरी हुई दिखाई दी। उसने बताया कि आरोपी बेहद चालाकी से बात कर रहे थे और उसे विश्वास दिला रहे थे कि वे उसकी मदद कर रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टप्पेबाज कैमरे में कैद हो गए हैं। फुटेज में आरोपी महिला के साथ जाते और फिर जल्दबाजी में निकलते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Sonbhadra: बारिश से मिली राहत, बिजली संकट गहराया

सदर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं यह गिरोह पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम तो नहीं दे चुका।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अब सार्वजनिक स्थानों पर अजनबियों की बातों में आने से बचने की सलाह दे रहे हैं। वहीं पुलिस ने भी नागरिकों से सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आने की अपील की है।

Location :  Hamirpur

Published :  30 April 2026, 1:46 PM IST