
संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची एक अनोखी गुहार
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद तहसील सभागार में शनिवार को उपजिलाधिकारी सर्वेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सुनी गईं और उनके निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं, जिनमें जमीन विवाद, पैमाइश और कब्जे से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस में एक फरियादी की गुहार
कार्यक्रम के दौरान एक अनोखी फरियाद भी सामने आई, जिसने अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। माल का पुरवा गांव निवासी मनोज कुमार दुबे ने शिकायती पत्र देकर बताया कि आगामी 20 अप्रैल को उनकी बेटी का विवाह होना है, लेकिन उनके पास पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। शादी समारोह में भोजन बनाने के लिए सिलेंडरों की कमी के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से अनुरोध किया कि उन्हें समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं ताकि विवाह कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
मछली चोरी होने की पहुंची शिकायत, अधिकारी ने दिए निर्देश
इसी क्रम में मोहम्मद नगर निवासी जलील अहमद ने भी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पट्टे के तालाब से कुछ दबंगों ने जबरन मछली चोरी कर ली और विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया। इसकी शिकायत पीड़ित के द्वारा पहले पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर अब सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उपजिलाधिकारी सर्वेश सिंह ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाना प्राथमिकता है। इस अवसर पर तहसीलदार संतोष कुमार, खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम, एडीओ पंचायत जेपी शुक्ला, एसडीओ सहादत सलीम, पूर्ति निरीक्षक विकास कनौजिया और डॉ. सौरभ शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Kanpur Dehat
Published : 4 April 2026, 6:47 PM IST
Topics : DM KANPUR DEHAT Gas Cylinder News Kanpur Dehat News Sampoorna Samadhan Diwas sub district rasulabad