
ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड में ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार (Img- Dynamite News)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। कश्मीरी गेट दिल्ली से महोबा जा रही इस निजी स्लीपर बस में बीती रात आग लगने से 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 26 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर (FIR) में सामने आई गंभीर लापरवाहियों और अमानवीय व्यवहार के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की एफआईआर में बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाले तथ्य सामने आए हैं। यात्रियों के अनुसार, यात्रा के दौरान बस में जलने की तेज बदबू आ रही थी। जब यात्रियों ने इसकी शिकायत की और बस रोकने की गुहार लगाई, तो ड्राइवर और कंडक्टर ने मदद करने के बजाय लापरवाही दिखाई।
वे कथित तौर पर स्मोकिंग करते रहे और यात्रियों का मजाक उड़ाते हुए हंसने लगे। आरोप है कि जब यात्रियों ने स्मोकिंग का विरोध किया और धुआं उठने पर शोर मचाया, तो चालक ने बस रोकने के बजाय यात्रियों को डांटकर चुप रहने की धमकी दे डाली।
रात करीब 11:30 बजे जैसे ही बस यमुना एक्सप्रेसवे के पास पहुंची, अचानक आग ने पूरी बस को अपनी विकराल लपटों में ले लिया। देखते ही देखते बस में भारी धुआं भर गया, जिससे कई लोग अंदर ही बेहोश हो गए। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई।
हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दम घुटने से अचेत हुए अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सभी कड़ियों को जोड़ा जा सके।
Greater Noida Bus Accident: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस और प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Location : Greater Noida
Published : 24 September 2026, 11:29 AM IST