
गोरखपुर में सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में गोरखपुर पुलिस ने रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की। राजघाट थाना क्षेत्र के हाबर्ट बंधा तिराहा स्थित नवनिर्मित आदर्श पुलिस बूथ का उद्घाटन एसपी सिटी निमिष पाटिल ने किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा, थाना क्षेत्र के चौकी प्रभारी, पुलिसकर्मी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि आदर्श पुलिस बूथ का उद्देश्य केवल पुलिस की मौजूदगी दर्ज कराना नहीं, बल्कि आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह बूथ क्षेत्र में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाएगा और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगा। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों और पुलिस के बीच विश्वास भी बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि इस पुलिस बूथ के माध्यम से रात्रि गश्त की निगरानी को और सशक्त किया जाएगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिससे जाम की समस्या कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंच सकेगी। इसके अलावा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखकर अपराधियों की पहचान और उनके खिलाफ समय रहते कार्रवाई करना भी आसान होगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाबर्ट बंधा तिराहा शहर का महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे स्थान पर स्थायी पुलिस बूथ स्थापित होने से पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनी रहेगी, जिससे असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण रहेगा और अपराध की संभावनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आदर्श पुलिस बूथ के संचालन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी और छोटी-बड़ी घटनाओं पर तत्काल पुलिस कार्रवाई संभव हो सकेगी।
गोरखपुर पुलिस की यह पहल 'सुरक्षा, सेवा और विश्वास' की अवधारणा को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसी व्यवस्थाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि हर नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।
Location : Gorakhpur
Published : 6 July 2026, 12:51 AM IST
Topics : Gorakhpur Hobart Bandha intersection Model Police Booth Public Safety Strict vigil on criminals