गोरखपुर SSP का ताबड़तोड़ एक्शन, 25 हजार इनामी खूंखार बदमाश समेत दो डकैत गिरफ्तार

गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए डकैती की साजिश को नाकाम कर दिया। 25 हजार के इनामी बदमाश आशुतोष यादव समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों को कड़ा संदेश गया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 2 February 2026, 9:25 PM IST

Gorakhpur: रात के अंधेरे में कुछ बड़ा होने वाला था। इलाके में डकैती की साजिश रची जा चुकी थी और अपराधी मौके की तलाश में थे, लेकिन इससे पहले कि किसी की नींद डर में बदलती, पुलिस ने खेल पलट दिया। गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए डकैती की पूरी योजना को फेल कर दिया और दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया कि जिले में अपराध करने वालों के लिए अब बचना आसान नहीं है।

विशेष अभियान में मिली बड़ी सफलता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर राज करन नय्यर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज और थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह की अगुवाई में टीम ने इलाके में सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

25 हजार का इनामी बदमाश आशुतोष यादव गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सबसे बड़ा नाम 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश आशुतोष यादव उर्फ छोटू का है। वह मूल रूप से गुलरिहा थाना क्षेत्र के अहिरौली सरहरी गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गोरखनाथ थाना क्षेत्र के नया गांव में रह रहा था। उसके खिलाफ डकैती, लूट, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 15 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। गुलरिहा, सहजनवा, खजनी, पिपराईच और गोरखनाथ जैसे थानों में उसका आपराधिक इतिहास दर्ज है।

दूसरा आरोपी भी निकला शातिर

पुलिस ने फैसल पुत्र अली हसन को भी गिरफ्तार किया है, जो तिवारीपुर थाना क्षेत्र के जाफरा बाजार सब्जी मंडी का रहने वाला है। फैसल के खिलाफ भी वर्ष 2023 में मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। पूछताछ में दोनों के डकैती की तैयारी की पुष्टि हुई है।

हथियार और औजारों का जखीरा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और डकैती व चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किए हैं। इनमें रस्सी, लोहे की खंती, हेक्सा फ्रेम व ब्लेड, छेनी, हथौड़ा, स्क्रू ड्राइवर और कटर शामिल हैं। इस मामले में थाना चिलुआताल में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

टीमवर्क से मिली कामयाबी

इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष सूरज सिंह के साथ एसओजी, स्वाट टीम, साइबर टीम और सर्विलांस टीम के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 2 February 2026, 9:25 PM IST