
फर्जी नौकरी का खेल पड़ा भारी
Gorakhpur: नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 61 हजार 850 रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2022 से मुकदमे में वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक अपराध और धोखाधड़ी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शाहपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने थाना शाहपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 93/2022 में वांछित चल रहे सुरेश कुमार चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त सुरेश कुमार चौहान निवासी मटेही, थाना मोतीपुर, जिला बहराइच है। पुलिस के अनुसार उसका वर्तमान पता डोंगरगांव, लोनावला, थाना लोनावला ग्रामीण, जिला पुणे, महाराष्ट्र है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़ा है। आरोप है कि अभियुक्त ने वादी के पुत्र को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर उससे 2,61,850 रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने नौकरी से संबंधित फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया। काफी समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित पक्ष को धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 406 भादवि के तहत कार्रवाई की थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका यादव चौकी प्रभारी मोहनापुर, कांस्टेबल रविन्द्र यादव और कांस्टेबल सुभाष चन्द्र यादव शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 2 October 2026, 6:30 AM IST