
नदी में डूबा बुजुर्ग (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर सरयू नदी का बढ़ता जलस्तर गुरुवार को एक परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन गया। गोला नगर के पक्का घाट पर हाथ-पैर धोने के दौरान 76 वर्षीय बुजुर्ग का पैर फिसल गया और वह देखते ही देखते नदी के तेज बहाव में समा गए। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के आगे सभी प्रयास बेकार साबित हुए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। देर शाम तक बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
लापता बुजुर्ग की पहचान हबीबुल्लाह (76) पुत्र दिल्ला निवासी गोला नगर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि हबीबुल्लाह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। एक समय वह कटहल समेत अन्य सब्जियों के जाने-माने व्यापारी थे और करीब तीन वर्ष पहले तक मंडी में दुकान लगाते थे। बढ़ती उम्र और खराब स्वास्थ्य के कारण उन्होंने कारोबार छोड़ दिया था और अधिकतर समय घर पर ही रहते थे।
परिजनों के अनुसार हबीबुल्लाह की पत्नी का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनके चार बेटे, राजू, रियाज, इम्तियाज और इस्तखार हैं। रोज की तरह गुरुवार सुबह भी उन्होंने नाश्ता किया और पक्का घाट स्थित बुर्ज पर जाकर बैठ गए। कुछ देर बाद वह नदी किनारे हाथ-पैर धोने लगे। इसी दौरान फिसलन के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरे। नदी का जलस्तर बढ़ा होने और बहाव तेज होने के कारण वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए।
घाट पर स्नान कर रही महिलाओं ने बुजुर्ग को डूबते देखा तो चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल नदी किनारे दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नाव और अन्य उपकरणों की मदद से नदी में व्यापक तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजन घाट पर टकटकी लगाए अपनों के मिलने की उम्मीद में बैठे रहे। पुलिस ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम का सर्च अभियान लगातार जारी है और बुजुर्ग की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 23 July 2026, 9:40 PM IST