आजादी के जश्न से पहले गोरखपुर में सुरक्षा घेरा मजबूत, डीआईजी ने जारी किए कड़े आदेश

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गोरखपुर परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चनप्पा ने रेंज के सभी जनपदों के पुलिस कप्तानों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 13 August 2026, 10:46 PM IST

Gorakhpur: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गोरखपुर परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चनप्पा ने रेंज के सभी जनपदों के पुलिस कप्तानों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि 15 अगस्त के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए लगातार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

डीआईजी ने सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों, महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को कहा गया है। इसके साथ ही होटल, लॉज और अन्य ठहरने वाले स्थानों पर भी नियमित जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग बढ़ाने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि सामने आने पर तत्काल सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। स्थानीय खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे या संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय रहते मिल सके।

मां-बाप ने जिसे सौंपी थी अपनी बेटी, आखिर वही क्यों बन गया उसके लिए हैवान? गोरखपुर में ससुराल का खौफनाक चेहरा

महराजगंज और नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता

नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे महराजगंज जनपद को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ सीमा से जुड़े थाना क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को कहा गया है। सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

कफ सिरप के जहरीले खेल का पर्दाफाश, गोरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार तस्कर

सार्वजनिक कार्यक्रमों में पुलिस बल तैनात

डीआईजी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान तिरंगा यात्राओं, सरकारी आयोजनों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की पहले से समीक्षा कर ली जाए। अधिकारियों को स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया है।

रेंज स्तर से मिले निर्देशों के बाद गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, गश्त और चेकिंग बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। पुलिस का फोकस स्वतंत्रता दिवस तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने पर रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 August 2026, 10:40 PM IST