गोरखपुर में चोरी की गुत्थी सुलझी, पुलिस ने ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे

गोरखपुर में चोरी की वारदातों से परेशान लोगों के लिए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रामगढ़ताल पुलिस ने चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारी से कई वारदातों के राज खुलने की उम्मीद है।

Gorakhpur: रामगढ़ताल थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और उन्हें बेचकर प्राप्त 15,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पकड़े गए आरोपियों में कमालुद्दीन उर्फ मैना और नेयाज अहमद उर्फ राजा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक कमालुद्दीन के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नेयाज अहमद के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और रामगढ़ताल थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजनीश द्विवेदी की टीम ने कार्रवाई की।

आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड

पुलिस के मुताबिक कमालुद्दीन उर्फ मैना मूल रूप से गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के बाराचवर का रहने वाला है और वर्तमान में तुर्कमानपुर, वार्ड नंबर-50, थाना राजघाट क्षेत्र में रहता है। उसे चोरी के आभूषण बेचने से मिले 5,700 रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ रामगढ़ताल थाने में वर्ष 2026 में चोरी से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं नेयाज अहमद उर्फ राजा, निवासी जमुनहिया बाग, थाना गोरखनाथ, को चोरी के आभूषणों के साथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक अंगूठी, दो कान के टप्स, दो जोड़ी पायल और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है।

नेपाल में उफान, गोरखपुर में धड़कनें तेज! क्या सैलाब के आगोश में समा जाएंगे गांव? खौफ में कट रही रातें

चार जगह चोरी की वारदात

पुलिस के अनुसार पहली घटना एक मार्च को हुई, जब गृहस्वामी पैतृक गांव गया था। पांच मार्च को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आभूषण चोरी पाए गए। दूसरी घटना में तीन अप्रैल से आठ अप्रैल के बीच घर का ताला तोड़कर आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी किए गए।

तीसरी वारदात भी तीन अप्रैल की रात हुई। चौथी घटना 20 अगस्त को सामने आई, जब गृहस्वामी के बाहर जाने के दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

CCTV में गमछा लेकर अकेला बाथरूम की ओर गया था छात्र, कुछ देर बाद फंदे से लटका मिला शव; गोरखपुर में मचा हड़कंप

पुलिस कर रही पड़ताल

पुलिस अब बरामद आभूषणों के आधार पर अन्य घटनाओं से इनके संबंधों की पड़ताल कर रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रजनीश द्विवेदी, उपनिरीक्षक अमित चौबे समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 August 2026, 11:38 PM IST

Advertisement