
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Gorakhpur/Maharajganj: छावनी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिले महिला के शव की पहचान महराजगंज जिले की रहने वाली बर्फी के रूप में होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। अब मृतका के परिजनों ने बिहार के एक मजदूर पर हत्या का आरोप लगाते हुए एम्स थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, छह मई की सुबह छावनी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आसपास के जिलों में सूचना भेजकर महिला की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। बाद में शव की पहचान महराजगंज जिले की निवासी बर्फी के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि बर्फी की शादी रामपुर सिंदुरिया क्षेत्र में मोतीचंद के साथ हुई थी। उसका पति हैदराबाद में मजदूरी करता है। चार मई की सुबह बर्फी अपने ससुराल से मायके जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मृतका के परिजन भुलई चौहान ने आरोप लगाया कि बिहार के पश्चिम चंपारण निवासी मजदूर राजधारी यादव अक्सर बर्फी से फोन पर बातचीत करता था। परिवार का आरोप है कि उसी ने बर्फी की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया। परिजनों की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जांच में जुटी हुई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 9 May 2026, 12:16 PM IST