
गोरखपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: गोरखपुर पुलिस महकमे में शनिवार को एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस आदेश को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक श्यामा नन्द राय, जो अब तक साइबर थाने में तैनात थे, उन्हें रामगढ़ताल थाने में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। रामगढ़ताल थाना शहर का अत्यंत संवेदनशील और व्यस्त थाना माना जाता है, ऐसे में उनकी तैनाती को कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार पाण्डेय, जो पुलिस अधीक्षक नगर के वाचक के रूप में कार्यरत थे, उन्हें थानाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ अब सीधे थाना स्तर पर मिलेगा।
सबसे चर्चित तबादलों में निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी का नाम शामिल है। वे अब तक प्रभारी निरीक्षक एम्स थाना के पद पर कार्यरत थे। उन्हें अब प्रभारी मीडिया सेल की जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया सेल पुलिस और आम जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में उनकी नियुक्ति को पुलिस की जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में अहम फैसला माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें और आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
Location : Gorakhpur
Published : 4 July 2026, 6:42 AM IST
Topics : administrative reshuffle gorakhpur police department Gorakhpur Police inspectors and sub inspectors transfer UP Police