गोरखपुर में पेट्रोल की कमी की अफवाह ने लोगों को परेशान कर दिया, लेकिन प्रशासन ने साफ किया कि शहर में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया पर फैली खबरों के कारण पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई थी। डाइनामाइट न्यूज़ की ग्राउंड रिपोर्ट में भी पर्याप्त स्टॉक पाया गया।

गोरखपुर के पेट्रोल पंप पर लगी भीड़
Gorakhpur: गोरखपुर में बीते दिन सोशल मीडिया पर पेट्रोल की भारी कमी की खबर तेजी से वायरल हुई, जिससे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देर शाम कई पेट्रोल पंप बंद दिखाई दिए, जिसके बाद लोगों में घबराहट फैल गई और पेट्रोल भरवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।
हालांकि, इस मामले पर जिला प्रशासन ने तुरंत स्थिति स्पष्ट की। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि गोरखपुर में पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हालात पर पूरी नजर बनाए हुए है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
गुरुवार की सुबह जब डाइनामाइट न्यूज़ की टीम ने स्थिति का जायजा लिया गया, तो भारत पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह 7 बजे से ही लोगों को पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा था। पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। स्थानीय लोगों ने भी माना कि सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के कारण ही अचानक भीड़ बढ़ गई। उन्होंने अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी खबर पर भरोसा न करें।