गोरखपुर में ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खुलासा, ‘रेडी अन्ना’ के पीछे छिपे खेल का पर्दाफाश

गोरखपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। ‘रेडी अन्ना’ नाम के गेमिंग पोर्टल की आड़ में चल रहे इस खेल में लाखों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है। शाहपुर पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के पांच सदस्य पकड़े गए हैं, जिनके पास से मिले डिजिटल सबूत अब कई बड़े राज खोल सकते हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 21 August 2026, 4:42 AM IST

Gorakhpur: ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल “रेडी अन्ना” के जरिए सट्टा खिलाने और म्यूल बैंक खातों के माध्यम से लाखों रुपये का लेन-देन कर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का शाहपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, तीन टैबलेट, 11 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, बायोमेट्रिक डिवाइस समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना शाहपुर पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सेमरा नंबर-2 स्थित पानी की टंकी के पास एक मकान में कुछ लोग ऑनलाइन गेमिंग में सट्टा लगवाने के साथ अलग-अलग बैंक खातों में रकम मंगाकर ठगी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मकान में छापा मारकर पांच लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी “रेडी अन्ना” नामक ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल का पैनल खरीदकर उसकी एक शाखा के रूप में अपना कार्यालय चला रहे थे।

ऐसे करते थे ठगी

आरोपी सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए लोगों को बहला-फुसलाकर अलग-अलग बैंकों में म्यूल अथवा फर्जी खाते खुलवाते थे। इन्हीं खातों में सट्टे की रकम जमा और निकासी की जाती थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह प्रतिदिन लाखों रुपये का लेन-देन करता था और रकम मिलने के बाद आपस में हिस्सा बांट लेता था। बरामद उपकरणों और बैंक दस्तावेजों से पुलिस को गिरोह के नेटवर्क की अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

आखिर किसके थे दो लाख? गोरखपुर में सिक्योरिटी गार्ड से लूट के दावे पर पुलिस को शक, जांच शुरू

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितीश सिंह निवासी देवरिया, अभय कुमार सिंह निवासी देवरिया, वजीद चौधरी और साहिल चौधरी निवासी मुजफ्फरनगर तथा मुन्ना कुमार निवासी सिवान, बिहार के रूप में हुई है। मामले में तीन अन्य आरोपी नितिश प्रताप सिंह, संजीव सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति को पुलिस ने वांछित किया है।

गोरखपुर में नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा, मेडिकल स्टोर से ढाबों तक नजर; बैठक में इन मुद्दों पर हुए निर्णय

पुलिस की कार्रवाई

शाहपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 401/2026 के तहत धारा 112(2), 318(4) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह और साइबर कमांडो उ0नि0 उपेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 August 2026, 4:39 AM IST