
गोरखपुर में सीएमओ ने दिया ये खास संदेश
गोरखपुर: पोषण और स्वास्थ्य को लेकर गोरखपुर में एक नई और प्रभावशाली पहल शुरू की गई है। पिपरौली ब्लॉक के सेवईं गांव में शनिवार को आयोजित मॉडल छाया इंटीग्रेटेड ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (सीआई वीएचएसएनडी) के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेश झा ने स्वास्थ्य और सुपोषण का सीधा संदेश दिया। उन्होंने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण पोटली भेंट की और एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराकर पूरक आहार का महत्व बताया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, सीएमओ ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि मॉडल सीआई वीएचएसएनडी का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि 100% सेवाएं देना है। जिले में कुल 200 मॉडल सीआई वीएचएसएनडी बनाए गए हैं जहां सभी तय संकेतांकों पर कार्य किया जाना आवश्यक है।
सत्र के दौरान उन्होंने नियमित टीकाकरण, गर्भावस्था जांच, आभा आईडी सृजन, परिवार नियोजन सेवाएं और मुफ्त दवा वितरण की स्थिति की समीक्षा की। सीएमओ ने स्वयं एक महिला की आभा आईडी बनवाकर सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) के कार्य की सराहना की।
उन्होंने विशेष रूप से जोर देकर कहा कि गर्भवती महिलाओं को पोषण के महत्व के बारे में बताया जाए। उन्हें समझाया जाए कि संतुलित और पोषक आहार से ही शिशु और मां दोनों स्वस्थ रह सकते हैं। उन्हें हरी पत्तेदार सब्जियां, आयरन-फोलिक एसिड और कैल्शियम की गोलियों के सेवन की विधि भी बताई जाए।
बच्चों के टीकाकरण और अन्नप्राशन पर बात करते हुए डॉ. झा ने बताया कि जन्म से 6 माह तक केवल मां का दूध और 6 माह से 2 वर्ष तक पूरक आहार जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक लाभार्थी को सही समय पर सही जानकारी नहीं दी जाएगी, तब तक कोई भी योजना पूरी नहीं मानी जा सकती।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवानंद मिश्रा, डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय, बीसीपीएम शिव बहादुर और एनएचएम प्रतिनिधि आदिल फखर समेत कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 14 June 2025, 9:40 PM IST
Topics : Child Health and Immunization CI VHSND Initiative CMO Health Campaign Gorakhpur Health News Nutrition Awareness Pregnancy Care