
रक्षाबंधन पर गोरखपुर में दिखा अनोखा रिश्ता
Gorakhpur: गोला क्षेत्र में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एलपीएम पब्लिक स्कूल, गोला बाजार की छात्राओं ने समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार जताया। विद्यालय की सीनियर एवं जूनियर वर्ग की छात्राएं गोला कोतवाली पहुंचीं और थानाध्यक्ष समेत पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और प्राकृतिक वस्तुओं से तैयार की गई राखियां बांधीं। राखी बंधवाने के बाद पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि थाना परिसर में छात्राओं द्वारा राखी बांधने से उन्हें अपने घर की कमी महसूस नहीं हुई। यह रक्षासूत्र पुलिसकर्मियों को समाज की सुरक्षा और अपने कर्तव्य के प्रति हमेशा सजग रहने की प्रेरणा देता रहेगा।
पुलिसकर्मियों ने छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह राखी महज एक धागा नहीं, बल्कि समाज की हर बेटी की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के प्रति पुलिस के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी परिस्थिति में उन्हें स्वयं को अकेला या असुरक्षित महसूस करने की जरूरत नहीं है। पुलिस हमेशा उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक अमरनाथ वर्मा ने पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा के लिए दिन-रात मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन बच्चों में समाज के वास्तविक रक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या एकता वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं की यह पहल सामाजिक जिम्मेदारी और पुलिस के प्रति सम्मान का संदेश देती है। कार्यक्रम ने पुलिस और आमजन के बीच आत्मीयता एवं विश्वास का रिश्ता और मजबूत किया।
Location : Gorakhpur
Published : 26 August 2026, 4:50 AM IST