Gorakhpur News: बिजली के करंट से मजदूर की मौत, गैर-इरादतन हत्या के आरोपी गिरफ्तार

जनपद के खोराबार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक मजदूर की करंट लगने से मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैर-इरादतन हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 29 November 2025, 5:01 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के खोराबार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक मजदूर की करंट लगने से मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैर-इरादतन हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में खोराबार थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय के नेतृत्व में बनी टीम ने मुख्य अभियुक्त रामप्रताप यादव को दबोच लिया।

कैसे हुई घटना?

घटना 26 नवंबर 2025 की है। पीड़ित पक्ष की ओर से दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, मृतक को अभियुक्त रामप्रताप यादव अपने घर पर निर्माण कार्य कराने के लिए लेकर गया था। इस दौरान उसने अपने पिता को यह कहते हुए बुलाया कि बिजली विभाग से अनुमति लेकर काम कराया जा रहा है, और सप्लाई भी बंद है। लेकिन काम के दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई और मजदूर करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

गोरखपुर में Wanted अपराधी पर कसा पुलिस ने शिकंजा, ऐसे हुआ गिरफ्तार

घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने इस बात का आरोप लगाया कि यदि कार्यरत व्यक्ति को सही जानकारी दी जाती या पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम होते, तो यह हादसा नहीं होता। तहरीर के आधार पर थाना खोराबार में मु0अ0सं0 748/2025, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और शुक्रवार सुबह अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक ओमप्रकाश यादव और आरक्षी रामचंदर यादव शामिल रहे। टीम ने तकनीकी व मानवीय खुफिया सूचना के आधार पर रामप्रताप को उसके ही गांव भैसहा बाबा टोला से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने घटना के संबंध में प्रारंभिक जानकारी पुलिस को दी है।

Gorakhpur Court का पॉक्सो केस में बड़ा फैसला; अभियुक्त सिप्पू कोइरी को 10 वर्ष कारावास

आगे की विधिक कार्रवाई जारी

थानाध्यक्ष खोराबार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के तहत कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही से होने वाली मौत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कानूनन सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था और बिजली आपूर्ति की जानकारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी की मांग की है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 29 November 2025, 5:01 AM IST