कबूतरबाजी के लिए लेते थे इतने रुपए, ऐसे फंसे पुलिस के जाल में

झंगहा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामिया और लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी विजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 July 2026, 2:45 AM IST

Gorakhpur: झंगहा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामिया और लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी विजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज, 25 मूल पासपोर्ट, 11 एटीएम कार्ड, एटीएम स्वाइप मशीन, लैपटॉप, मोबाइल फोन, मोहर, स्टैम्प पैड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। बरामद सामान को देखते हुए पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी धोखाधड़ी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष झंगहा अनूप कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। आरोपी थाना झंगहा में दर्ज मुकदमा संख्या 287/2025 में वांछित था और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

विदेश भेजने का झांसा देकर ठगे इतने

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक व्यक्ति को विदेश भेजने का झांसा देकर उससे 1.30 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गोरखपुर में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

तलाशी के दौरान आरोपी से बरामद सामान

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक एटीएम स्वाइप मशीन, सैंडिस्क पेन ड्राइव, एक लैपटॉप, दो एंड्रॉयड फोन, एक आईफोन, 11 एटीएम कार्ड, 25 मूल पासपोर्ट, चेक बुक, स्टैम्प पैड, मोहर, तीन रजिस्टर, दो डायरियां, आईडी कार्ड सहित पर्स और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पासपोर्ट किन लोगों के हैं और इनके जरिए कहीं बड़े स्तर पर ठगी या फर्जीवाड़े का नेटवर्क तो संचालित नहीं किया जा रहा था।

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से लखनऊ तक सीधी रोडवेज बस सेवा की उठी मांग, हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत

आरोपी का आपराधिक रिकार्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विजेन्द्र सिंह निवासी तिघरा खैरवा, थाना एकौना, जनपद देवरिया के खिलाफ पहले से ही झंगहा, चौरीचौरा और बड़हलगंज थानों में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित कई गंभीर धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार चौबे, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 July 2026, 2:43 AM IST