गोरखपुर में वायरल ऑडियो की जांच में जुटी पुलिस, स्कूल प्रबंधक पुत्र पर कसा शिकंजा

एक ऑडियो क्लिप ने गोरखपुर के एक निजी विद्यालय में हड़कंप मचा दिया। छात्रा और प्रबंधक पुत्र के बीच कथित बातचीत का मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 29 August 2026, 12:33 AM IST

Gorakhpur: गोला क्षेत्र के एक निजी विद्यालय के प्रबंधक के पुत्र और विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा के बीच कथित अश्लील बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना गोला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(2), 75, 351(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर करीब 29 सेकेंड का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें एक व्यक्ति की आवाज विद्यालय के प्रबंधक पुत्र प्रतीक तिवारी की बताई जा रही है, जबकि दूसरी आवाज विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा की होने का दावा किया गया।

वायरल ऑडियो में छात्रा को पढ़ाई और भविष्य बनाने का लालच देकर कथित रूप से आपत्तिजनक मांग किए जाने की बात सामने आने का दावा किया गया। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही इसकी वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

ऑडियो वायरल होते ही ग्रामीणों में आक्रोश

ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तेजी से तूल पकड़ लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और घेराव कर विरोध जताया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संबंधित पक्षों से जानकारी जुटानी शुरू की।

गोरखपुर में गैर इरादतन हत्या का मामला पुराना था, लेकिन फैसला ऐसा आया कि तीनों आरोपियों के पैरों तले खिसक गई जमीन

तहरीर के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अब पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता, उसमें मौजूद आवाजों, बातचीत में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बना सकती है।

गोरखपुर में साइबर ठगी का नया तरीका, हेड क्लर्क का मोबाइल हैक कर परिचितों से मांगे 25 हजार रुपये

पुलिस का बयान

क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 August 2026, 12:30 AM IST