Gorakhpur Crime: करोड़ों के सपने दिखाकर लाखों की ठगी, निवेश फ्रॉड की आरोपी महिला दबोची

गोरखपुर में 100 गुना मुनाफे का सपना दिखाकर लाखों की ठगी करने वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी में निवेश के नाम पर करीब 30 लाख रुपये हड़पने के आरोप में लंबे समय से फरार चल रही महिला अभियुक्ता को रामगढ़ताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 4 September 2026, 12:53 AM IST

Gorakhpur: कंपनी में निवेश कर महज दो साल में करीब 100 गुना लाभ कमाने का झांसा देकर करीब 30 लाख रुपये हड़पने के आरोप में रामगढ़ताल पुलिस ने लंबे समय से वांछित चल रही एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से निवेश के नाम पर लोगों को आकर्षक मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह में खलबली मच गई है।

पुलिस के अनुसार, अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए शालिनी नास्कर पत्नी सुकांता बनर्जी को गिरफ्तार किया।

100 गुना मुनाफे का झांसा

पुलिस के मुताबिक, शालिनी नास्कर अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित करती थी। आरोप है कि वादी मुकदमा को भी कंपनी में रकम लगाने पर दो वर्ष के भीतर करीब 100 गुना लाभ मिलने का लालच दिया गया।

भारी मुनाफे के झांसे में आकर वादी ने करीब 30 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन बाद में रकम वापस न मिलने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई। तहरीर के आधार पर रामगढ़ताल थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

गोरखपुर में लड़की की इज्जत लूटने वाले को पुलिस ने दबोचा, अफसर बोले- नारी की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता

अभियुक्ता का आपराधिक रिकार्ड

गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, शालिनी नास्कर मुकदमा अपराध संख्या 0750/2025 के अलावा मुकदमा अपराध संख्या 0825/2025 और 0760/2025 में भी वांछित थी।

Gorakhpur News: “मेरे पैसे दे दे, वरना गोली मार दूंगा” फिर अचानक गोलियों की गूंज से दहला गोरखपुर

मामले में पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने अभियुक्ता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और निवेश के नाम पर रकम जुटाने के तरीके की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार के साथ कांस्टेबल विक्रम यादव, रिजर्व कांस्टेबल प्रिया वर्मा और रिजर्व कांस्टेबल हिमांशी शामिल रहीं।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 September 2026, 12:51 AM IST