
छात्रों की जीत पर कांग्रेस का विजय मार्च
Gorakhpur: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में शहर में विजय मार्च निकाला गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी और महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च को कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के संघर्ष की जीत बताते हुए अन्याय, दमन और सत्ता के अहंकार के खिलाफ लोकतांत्रिक विजय का प्रतीक बताया।
विजय मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर छात्रों के समर्थन में नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं और छात्रों की आवाज़ को दबाने का कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सकता। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के संघर्ष ने यह साबित कर दिया है कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित जनशक्ति सबसे बड़ी ताकत होती है।
जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि छात्रों की आवाज़ को लाठियों, गिरफ्तारियों और दमन के जरिए दबाने की कोशिश की गई, लेकिन अंततः सत्य और लोकतंत्र की जीत हुई।
उन्होंने कहा कि यह विजय उन लाखों युवाओं के साहस, संघर्ष और लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत है, जिन्होंने अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने कहा कि यह विजय मार्च केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवाओं के अधिकारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता का संदेश है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में भी किसी छात्र या युवा की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
कार्यक्रम में प्रमोद नायक, गोरखलाल श्रीवास्तव, सहला अहरारी, सतेंद्र निषाद, राकेश यादव, श्रीश उपाध्याय, नवीन सिन्हा, भानु सिंह, डॉ. चिन्मय पाण्डेय, राजीव कुमार पाण्डेय, प्रदीप पटेल, देवेंद्र निषाद, व्यास मुनि, संतोष उपाध्याय, गणेश मिश्रा, राजेश निषाद, अनवर हुसैन, इंदु भूषण शुक्ल, उत्कर्ष पाण्डेय, मोनिका पाण्डेय, राम नगीना साहनी, अविनाश पति, सदानंद पाण्डेय, राकेश मौर्य, प्रभात चतुर्वेदी, अजवर अहमद, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा छात्र-युवा मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने अंत में कहा कि अन्याय के खिलाफ उनका लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 26 July 2026, 7:01 AM IST