हिंदी
खजनी ब्लॉक में बदलेगा कामकाज का अंदाज
Gorakhpur: विकास खंड खजनी में नवागत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) श्रीमती सुप्रिया के कार्यभार संभालने के बाद ग्राम प्रधानों एवं प्रधान प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रधानों की ओर से नवागत बीडीओ को भगवान राम अयोध्या नगरी की झांकी की प्रतिमा का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और विकास कार्यों को लेकर आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
स्वागत कार्यक्रम में पूनम देवी, झिंनकान बेलदार, सतेंद्र सिंह, सतेंद्र कन्नौजिया, सोनू सिंह, गुलाब सिंह और ध्रुव सिंह समेत कई ग्राम प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नवागत बीडीओ का स्वागत करते हुए विकास खंड क्षेत्र में ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को गति देने की उम्मीद जताई।
प्रधानों की टीम के साथ आयोजित बैठक में बीडीओ श्रीमती सुप्रिया ने कहा कि वर्तमान समय में ग्राम प्रधान चार माह के लिए प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य नियमों के अनुरूप कराए जाएंगे और किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी या शोषण नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने प्रधानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि विकास कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार की दिक्कत आने पर संबंधित अधिकारी से संवाद किया जा सकता है। प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी कि ग्राम पंचायतों में होने वाले कार्य नियमानुसार और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
नवागत बीडीओ ने ग्राम प्रधानों से अपेक्षा जताई कि वे प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर गांवों की समस्याओं को सामने लाएं, ताकि उनका समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के दौरान मौजूद प्रधानों ने भी विकास कार्यों से संबंधित अपनी बात रखी। नवागत बीडीओ के आश्वासन के बाद प्रधानों ने प्रशासन के साथ सहयोग और समन्वय से कार्य करने की बात कही। बैठक में ग्राम पंचायतों के विकास को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
Location : Gorakhpur
Published : 25 August 2026, 2:00 AM IST