हिंदी
10 हजार का इनामिया जालसाज गिरफ्तार
Gorakhpur: जिले के खजनी थाना क्षेत्र की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 10,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप है।
क्या है पूरी घटना?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कौस्तुभ द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयन्त कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनुभव पाण्डेय (34 वर्ष) पुत्र कमलेश कुमार पाण्डेय निवासी ग्राम सरहसबह टोला समुदा, थाना रूद्रपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे 23 मार्च 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे बोहाबार पुल (थाना झंगहा क्षेत्र) से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना खजनी में मुकदमा संख्या 350/24 दर्ज है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
ऐसे करता था ठगी का खेल
जांच में सामने आया कि अनुभव पाण्डेय खुद को प्रभावशाली बताकर लोगों को रेलवे में ग्रुप-सी (टीसी) की नौकरी दिलाने का झांसा देता था। उसने एक व्यक्ति से करीब 10 लाख 4 हजार रुपये वसूल लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने फर्जी और कूट रचित नियुक्ति पत्र थमा दिया।
जब पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से ठगी के शिकार लोगों में भरोसा जगा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है कि कानून से बचना आसान नहीं है।
Location : Gorakhpur
Published : 23 March 2026, 1:48 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News UP News क्राइम