
लखनऊ अग्निकांड के बाद जागा प्रशासन (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गोरखपुर जनपद की खजनी तहसील में बुधवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहनता से जांच की गई और संचालकों को सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन करने के निर्देश दिए गए।
खजनी तहसील क्षेत्र में बड़ी संख्या में संचालित कोचिंग संस्थानों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी किट, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), विद्युत वायरिंग, भवन की संरचना तथा छात्रों की सुरक्षित निकासी की व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया।
एसडीएम खजनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी कोचिंग संस्थान में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही पाई गई तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों को निर्देशित किया कि सभी अग्निशमन उपकरण समय-समय पर रिफिल कराए जाएं, विद्युत व्यवस्था की नियमित जांच कराई जाए तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों और छात्रों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाए। साथ ही भवन में पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षित निकास मार्ग हमेशा खुले रखने के निर्देश दिए गए।
इस अभियान में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अभियंता रोहित सिंह एवं जूनियर इंजीनियर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने कई संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया और जहां आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए।
Gorakhpur: लूट की बाइक लेकर घूम रहे थे बेखौफ… गोरखपुर पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को ऐसे दबोचा
प्रशासन की इस कार्रवाई से कोचिंग संस्थान संचालकों में सतर्कता बढ़ी है। एसडीएम ने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके और विद्यार्थियों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 1 July 2026, 6:06 PM IST
Topics : Coaching Center Raid Gorakhpur UP News