
वन रेंज में पेड़ों की कटान को लेकर सवाल(Img: Dynamite news)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के कम्पियरगंज वन रेंज में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर इन दिनों सवाल उठने लगे हैं। वन क्षेत्राधिकारी चंद्र प्रकाश त्रिपाठी की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र के आमजन में नाराजगी की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
लोगों का आरोप है कि वन क्षेत्राधिकारी की कार्यालय में उपलब्धता, जनशिकायतों की सुनवाई और फोन पर संपर्क स्थापित करने को लेकर स्थिति संतोषजनक नहीं है। वहीं, वन क्षेत्र में कथित अवैध कटान की शिकायतों को लेकर भी विभागीय निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति और जनसमस्याओं का समय से निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके बावजूद कम्पियरगंज वन रेंज में आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने और संबंधित अधिकारी से संपर्क करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जब किसी मामले में जानकारी या शिकायत के लिए फोन किया जाता है तो कई बार संपर्क नहीं हो पाता। इससे वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष बढ़ रहा है।
इधर, घोरसार और छितही बीट सहित वन क्षेत्र के कुछ हिस्सों में अवैध कटान की शिकायतों को लेकर भी चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि वन क्षेत्रों में पेड़ों की अवैध कटान की शिकायतें मिल रही हैं तो उनकी निगरानी और रोकथाम के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता कितनी है? हालांकि, इन शिकायतों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित मामलों में विभागीय जांच की स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।
मामले को लेकर वन क्षेत्राधिकारी चंद्र प्रकाश त्रिपाठी से उनका पक्ष जानने के लिए बातचीत की गई। उन्होंने लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह हमेशा कार्यालय में बैठते हैं और लोगों की समस्याएं सुनते हैं। वन क्षेत्र में कटान होने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाती है तथा संबंधित लोगों पर अर्थदंड भी लगाया जाता है। उन्होंने शिकायतों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि विभाग अपने स्तर से लगातार कार्रवाई कर रहा है।
फिलहाल, एक तरफ स्थानीय लोगों की शिकायतें हैं तो दूसरी तरफ वन क्षेत्राधिकारी का अपना पक्ष। ऐसे में वन विभाग के उच्चाधिकारियों की ओर से मामले का संज्ञान लेकर वास्तविक स्थिति की जांच कराना जरूरी माना जा रहा है, ताकि वन संपदा की सुरक्षा के साथ आमजन की शिकायतों का भी निष्पक्ष निस्तारण हो सके।
Location : gorakhpur
Published : 17 November 2026, 8:04 PM IST