जालसाजों ने बुना ठगी का जाल, ऐसे फंसाते थे अपने फंदे में

संगठित अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़ताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है,

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 June 2026, 3:03 AM IST

Gorakhpur: संगठित अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़ताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी तरीके से अस्पताल संचालित कर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के आरोप में कार्रवाई के दायरे में है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार ओझा निवासी भिटहा, थाना बांसगांव तथा अभिषेक शर्मा उर्फ हनी शर्मा निवासी सरस्वतीपुरम लेन-3, थाना शाहपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में लंबे समय से तलाश की जा रही थी।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बनाया था। यह गिरोह अस्पताल के नाम पर हेल्थ इंश्योरेंस धारकों के फर्जी इलाज के दस्तावेज तैयार कर बीमा कंपनियों से क्लेम की राशि प्राप्त करता था। कई मामलों में मरीजों का वास्तविक इलाज किए बिना ही बीमा का पैसा हड़प लेने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से इस प्रकार की धोखाधड़ी को अंजाम देता था।

इसी आधार पर रामगढ़ताल थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 2(ख)(i)/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी और कूटरचना सहित गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

देवरिया में ये क्या हुआ? लोग गए थे एक शख्स के अंतिम संस्कार में, मिले दो शव, मचा कोहराम

गिरफ्तारी टीम

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी अभियान में चौकी प्रभारी आजाद चौक उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार राय, उपनिरीक्षक उपेंद्र निर्मल, पंकज कुमार, कुश कुमार राय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गोरखपुर में GDA के अभियान से हड़कंप, कई कोचिंग और लाइब्रेरी परिसर सील; जानिये पूरा अपडेट

पुलिस का बयान

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा आर्थिक लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य बीमा के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 June 2026, 3:01 AM IST